उदयपुर. जिले के भींडर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़गांव के राजस्व गांव नारायणपुरा में सरकारी बिलानाम भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की.
ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भींडर तहसील प्रशासन ने नेशनल हाईवे-48 स्थित नारायणपुरा बस स्टैंड पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की.जानकारी के अनुसार सरकारी भूमि पर एक ईंट व्यापारी द्वारा अवैध रूप से ईंटों का स्टॉक कर कब्जा कर रखा गया था.
ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भींडर तहसीलदार मोहित आशिया के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची.जैसे ही प्रशासन की जेसीबी और अमला स्थल पर पहुंचा तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कार्रवाई के दौरान संबंधित ईंट व्यापारी ने प्रशासन से स्वयं ईंटों को हटाने के लिए समय देने का आग्रह किया. इस पर प्रशासन ने उसे सीमित मोहलत देते हुए तत्काल भूमि खाली करने के निर्देश दिए.
तहसीलदार मोहित आशिया ने बताया कि नारायणपुरा बस स्टैंड पर सरकारी बिलानाम भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी. शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए प्रशासन मौके पर पहुंचा. उन्होंने कहा कि व्यापारी फिलहाल स्वयं अपना सामान हटा रहा है, लेकिन यदि निर्धारित समय में भूमि खाली नहीं की गई तो प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी जाएगी.उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि या बिलानाम आराजी पर अतिक्रमण किया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
