उदयपुर (पुकार). लेकसिटी में महिलाओं, यात्रियों और आम नागरिकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मेवाड़ बचाओ मंच की मुहिम को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है. मंच द्वारा सितम्बर में उठाई गई शिकायत के बाद उदयपुर बस स्टैंड के शौचालयों की दुर्दशा सुधारने के लिए रोडवेज प्रशासन ने ठोस कदम उठाते हुए टेंडर जारी कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार 15 दिसंबर तक स्थिति में सुधार की उम्मीद है. मेवाड़ बचाओ मंच ने अगस्त से उदयपुर के सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, रखरखाव, सुरक्षा और उपयोगिता की जांच कर संबंधित विभागों को जमीनी स्थिति से अवगत करवाया था, कई विभागों ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टॉयलेट की स्वच्छता की समस्या पर काम किया था, इस कड़ी में रोडवेज बस स्टेण्ड ने भी उल्लेखनीय कदम उठाया है.
मंच संस्थापक अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में मेवाड़ बचाओ मंच के प्रतिनिधिमंडल ने सितंबर में उदयपुर बस स्टैंड स्थित शौचालयों की समस्याओं को रोडवेज प्रशासन के समक्ष रखा था. इसके बाद मंच ने नियमित फॉलोअप किया, जिसके परिणामस्वरूप उदयपुर आगार के महा प्रबंधक हरदीप सिंह राव ने शौचालय सुधार हेतु टेंडर जारी किया है.
महाप्रबंधक हरदीप सिंह राव ने बताया कि बस स्टैंड के शौचालयों की मरम्मत, सफाई एवं बुनियादी सुविधाओं को सुधारने का कार्य प्रक्रिया में है. उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 दिसंबर तक यात्रियों को बेहतर शौचालय सुविधा उपलब्ध होगी.
मेवाड़ बचाओ मंच के प्रतिनिधि मंडल चिराग मेघवाल, पियु दोषी , निधि गुप्ता और शिखा दोषी का कहना है कि यह सफलता केवल एक शौचालय की मरम्मत नहीं, बल्कि नागरिक सुविधाओं के प्रति प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. मंच ने पहले भी प्रताप गौरव केंद्र स्थित पंजीयन कार्यालय में महिलाओं के लिए अलग शौचालय, गुलाब बाग स्थित शौचालय की लीकेज समस्या और पर्यटन स्थलों के शौचालयों की दुर्दशा उठाई थी, जिन पर प्रशासन ने कार्रवाई की.
अभिषेक पांडेय ने कहा कि मेवाड़ बचाओ मंच का उद्देश्य प्रशासन और नागरिकों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित कर सार्वजनिक सुविधाओं में स्थायी सुधार लाना है. उन्होंने कहा कि जब नागरिक संगठन, प्रशासन और आमजन मिलकर निगरानी रखें, तो शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता में वास्तविक बदलाव संभव होता है.
मंच ने उदयपुर बस स्टैंड प्रशासन के त्वरित कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि टेंडर के बाद कार्य समय पर पूरा होगा. मंच ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक शहर के सभी सार्वजनिक शौचालय स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक नहीं बन जाते.
