भाजपा में शामिल हुए महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण, एक दिन पहले कांग्रेस से दिया था इस्तीफ़ा

मुंबई. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार अशोक चव्हाण भी आखिर भाजपा में शामिल हो गये. श्री चव्हाण ने एक दिन पहले ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया है. अशोक चव्हाण का नाम कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार था, वे महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उनके मुख्यमंत्री रहते आदर्श घोटाला सुर्खियों में आया था, जिसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.
राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीश ने सोशल मीडिया के माध्यम से अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने की जानकारी साझा की है. एक फेसबुक पोस्ट में श्री फडणवीश ने लिखा है – उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए.
आज मुंबई भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित इस प्रवेश समारोह में उप मुख्यमंत्री जी ने सभी का अभिनंदन किया और स्वागत किया.
श्री चव्हाण के भाजपा में जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया था की सरकारी एजेंसियों के जरिये नेताओं पर दबाव बनाकर भाजपा यह सब कर रही है.
उल्लेखनीय है कि चव्हाण से पहले कांग्रेस ले पूर्व सांसद एवं मुंबई कांग्रेस की कमान संभाल चुके मिलिंद देवरा ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था.