
- झारखंड पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दानिश रिजवान को कोर्ट के बाहर से किया गिरफ्तार
राकेश कुमार/आरा. झारखंड के चर्चित रांची स्थित अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के समीप सुषमा बड़ाईक को गोली मारे जाने के मामले में झारखंड पुलिस ने गुरुवार को आरोपित हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया आरोपित हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान आरा टाउन थाना के तरी मोहल्ला का निवासी है. झारखंड रांची से आई पुलिस टीम ने गुरुवार को आरा टाउन पुलिस के सहयोग से आरोपित हम प्रवक्ता को गिरफ्तार कर लिया. हम पार्टी के प्रवक्ता दानिश रिजवान के ऊपर रांची के अडगोड़ा थाना में कांड संख्या 455/22 दर्ज है. इधर हम नेता दानिश रिजवान की गिरफ्तारी को लेकर इलाके में काफी देर खलबली मची रही. बताया जाता है की कल ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद झारखंड की रांची पुलिस दानिश रिजवान को अपने साथ रांची ले जायेगी.
कोर्ट के बाहर सादे कपड़े में मौजूद थे पुलिसकर्मी
आज रांची पुलिस ने दानिश रिजवान को फिल्मी अंदाज में दबोचा. दरअसल पुलिस को ये खबर मिल गयी थी कि आरा के गोला कारोबारी कृष्णा सिंह हत्याकांड में आरोपी दानिश रिजवान की आज कोर्ट में पेशी होनी है. इसके बाद रांची पुलिस की टीम सादे कपड़े में कोर्ट परिसर के बाहर तैनात हो गयी है. कोर्ट में पेशी के बाद दानिश रिजवान जैसे ही बाहर निकले वैसे ही रांची पुलिस की टीम ने उन्हें अपने गिरफ्त में ले लिया. पहले तो ये लगा कि दानिश रिजवान का अपहरण किया जा रहा है लेकिन दानिश को पकड़ने के बाद झारखंड पुलिस टीम ने वहां मौजूद लोगों को अपना परिचय दिया. रांची पुलिस की टीम दानिश रिजवान को गिरफ्तार कर अज्ञात स्थान पर ले गयी है. रांची पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को दानिश रिजवान को आऱा कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया जायेगा और उसके बाद रांची ले जाया जायेगा. दानिश रिजवान की गिरफ्तारी के बाद सियासी हलके में खलबली मची है. वहीं भोजपुर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया की झारखंड के रांची पुलिस आई है, कल ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद झारखंड की रांची पुलिस दानिश रिजवान को रांची पुलिस अपने साथ ले जायेगी.
रांची की चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक के साथ रेप और गोली मारे जाने के मामले में हम प्रवक्ता दानिश रिजवान गिरफ्तार